नाहन (सिरमौर)। वीजा बनवाने और विदेश भेजने के नाम पर लाखों की ठगी मामले में सिरमौर पुलिस ने एक आरोपी को पंजाब के जालंधर से गिरफ्तार किया है। नाहन में ठगी का शिकार हुए कुलदीप से साढ़े तीन लाख रुपये ऐंठने के मामले में पुलिस ने आरोपी को दबोचा। आरोपी करण सिंह पुत्र विपिन कुमार के खिलाफ बीते जुलाई में नाहन की कच्चा टैंक पुलिस चौकी में पीड़ित कुलदीप सिंह ने विदेश भेजने के नाम पर लाखों की ठगी का मामला दर्ज करवाया था। इसके बाद पुलिस को आरोपी की तलाश थी, जिसे पुलिस ने पंजाब के जालंधर से धर दबोचा है। 29 वर्षीय करण के खिलाफ कच्चा टैंक पुलिस चौकी में आईपीसी की धारा 420 और 34 के तहत केस दर्ज किया गया था। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। दरअसल, नाहन के युवक से आरोपी करण सेठ ने विदेश में नौकरी दिलाने की आड़ में करीब साढ़े तीन लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया था। नाहन में युवक भी आरोपी के बुने जाल में फंस गया। पीड़ित युवक ने जनवरी में आरोपी द्वारा दिए गए खाते में पैसे जमा करवाए थे। साथ ही उसे विदेश के लिए वीजा देने का आश्वासन दिया था, लेकिन युवक का वीजा बन पाया और न ही कोई दस्तावेज उसके हाथ लगे। फ्लाइट की तारीख पर युवक जब दिल्ली पहुंचा तो आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की लेकिन आरोपी ने युवक को वीजा नहीं दिया और पैसे ऐंठने के बाद आरोपी ने मोबाइल भी बंद कर दिया। इसके बाद पुलिस आरोपी तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले की पुष्टि एसपी सिरमौर रोहित मालपानी ने की है। उन्होंने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है।