शिलाई (सिरमौर)। उपमंडल शिलाई में शराब ठेक के मैनेजर के साथ एक शराब तस्कर ने मारपीट की और गाड़ी चढ़ाने का भी प्रयास किया। इस मामले में प्रबंधक ने पुलिस थाना शिलाई में प्राथमिकी दर्ज करवाई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को सौंपी शिकायत में नरेश कुमार निवासी शिलाई ने बताया कि वह ठेका शराब सर्किल शिलाई में मैनेजर के पद पर तैनात है। वह अपने अन्य साथियों के साथ सुबह शिलाई पेट्रोल पंप के पास था तो उसी समय टिंबी की तरफ से एक गाड़ी आई। उन्होंने उस गाड़ी को रोकने का प्रयास किया लेकिन, उसमें सवार दो व्यक्तियों में से एक ने उसके सिर पर पत्थर से प्रहार किया। वहीं, गाड़ी चढ़ाने का भी प्रयास किया। उधर, एसपी सिरमौर रोहित मालपानी ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शिलाई पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।