अमर उजाला ब्यूरो
नौहराधार (सिरमौर)।
नौहराधार में तीन दिन पहले युकां पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की ओर से किए गए विरोध प्रदर्शन को लेकर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। नौहराधार पुलिस ने एक व्यक्ति की शिकायत पर युकां पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार नौहराधार के तपेंद्र सिंह पुंडीर की शिकायत पर पुलिस ने तीन दर्जन के करीब कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज किया है। बता दें कि नौहराधार में सैकड़ों युकां कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में तीन दिन पहले विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने बाजार में रैली निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला भी फूंका।
शिकायत में कहा गया है कि नौहराधार बाजार में सड़क ही आम रास्ता है। कार्यकर्ताओं ने सड़क को कुछ समय के लिए बंद कर पुतला जला दिया। इस दौरान सड़क से गुजरने वाले आम लोगों की जान को जोखिम में डाला गया है। इस मामले में नौहराधार पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि एसपी सिरमौर रोहित मालपानी ने की है।
---------