नाहन (सिरमौर)। सिरमौर पुलिस की विशेष अन्वेषण शाखा ने एक युवक को 329 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। एसआईयू ने आरोपी के खिलाफ सदर पुलिस थाना नाहन में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने चरस को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार सिरमौर पुलिस की एसआईयू ने एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई अमल में लाई। पुख्ता सूचना के बाद पुलिस ने संस्कृत महाविद्यालय नाहन के समीप दबिश दी। इस दौरान एक युवक अचानक मौके पर पहुंचा और पुलिस को देखकर हड़बड़ा गया। बताया जा रहा है कि युवक नशे की खेप को ठिकाने लगाने की फिराक में था लेकिन, पुलिस ने युवक के मंसूबों पर पानी फेर दिया। पुलिस ने युवक को मौके पर ही दबोच कर बैग की तलाशी ली तो 329 ग्राम चरस की खेप बरामद की गई। पुलिस जांच कर रही है कि खेप को कहां से लाया गया था और कहां सप्लाई किया जाना था। इस मामले में आरोपी से भी पूछताछ जारी है। पुलिस ने आरोपी युवक चंद्रशेखर (22) निवासी किन्नौर के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। एसपी सिरमौर रोहित मालपानी ने बताया कि पुलिस मामले में कार्रवाई करने में जुटी है। आरोपी से पूछताछ जारी है।