ट्रक की टक्कर से युवक की मौत
यमुना बैरियर पर अनियंत्रित ट्रक से हादसा
आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू : चौहान
अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब(सिरमौर)। यमुना पुल के समीप अनियंत्रित ट्रक की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार सोमवार की देर रात हुए हादसे में एक अनियंत्रित ट्रक पुल की पक्की रेलिंग से जा टकराया। इस दौरान ट्रक की चपेट में आने से एक युवक घायल हो गया। गंभीर रूप से घायल 18 वर्षीय शादाब पुत्र सरताज अली निवासी अंबरोहा यूपी को सिविल अस्पताल पांवटा पहुंचाया गया जहां उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
इस मामले में बैरियर के समीप तैनात होमगार्ड जवान किशन सिंह के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। बताया जा रहा है कि वह यमुना बैरियर हिमाचल चैक पोस्ट पर अस्थायी ड्यूटी पर तैनात है। सोमवार रात करीब 2 बजे कुल्हाल की तरफ से आ रही गाड़ियों का पुल से बैरियर तक जाम लगा था। ट्रैफिक को सुचारु रुप से करने को यमुना पुल की तरफ गए। कुल्हाल की तरफ से एक ट्रक तेज रफ्तारी से आया और पुल किनारे बनी सीमेंट की पक्की रेलिंग से जा टकराया। इस दौरान पुल के किनारे कुल्हाल की तरफ जा रहे राहगीर को टक्कर लगी। घायल को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसकी मौत हो गई है।
उधर, थाना प्रभारी अशोक चौहान ने पुष्टि की है। हादसे के आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
----------