अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)।
पड़ोसी राज्य उत्तराखंड के ढकरानी शक्ति नहर में पांवटा की महिला ने दो बेटियों समेत छलांग लगा दी। आसपास बस्ती के लोगों ने महिला को कूदते हुए देख लिया और तीनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। विकासनगर की हरबर्टपुर पुलिस ने बच्चियों समेत महिला के आत्महत्या करने के प्रयास करने की जांच शुरू कर दी है। महिला ने ऐसा क्यों किया इसका खुलासा महिला के बयान के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल महिला बयान देने की स्थिति में नहीं है।
शुक्रवार को उत्तराखंड के ढकरानी शक्ति नहर के समीप महिला व 2 छोटी बच्चियां जा रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले महिला काफी देर नहर के किनारे खड़ी होकर सोचती रही। आसपास के कुछ लोग महिला की गतिविधियों को देख रहे थे। अचानक ही महिला ने बच्चियों समेत नहर में छलांग लगा दी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बिना समय गंवाय नहर में कूद कर महिला और बच्चियों को बाहर निकाला। करीब 60 मीटर दूर तक बहने के बाद तीनों को बचा लिया। सूचना मिलने पर हरबर्टपुर से पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
नहर से बाहर निकालने पर तीनों बेसुध हालत में थी। सभी को हरबर्टपुर लेहमन अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया है। परिजनों को सूचित कर दिया गया जिसके बाद परिजन पांवटा से हरबर्टपुर पहुंचे। उत्तराखंड हरबर्टपुर के कोतवाल एसएस नेगी ने कहा कि नहर में कूदने वाली महिला की पहचान सुखविंदर कौर (28) पत्नी प्रदीप चंद निवासी ग्राम भूपपुर थाना पांवटा हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई। साथ में डेढ़ वर्षीय छोटी बेटी शगुन व 6 वर्ष की दीपिका थी। महिला उपचाराधीन है। वह कुछ कहने की स्थिति में नहीं है।
उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने कहा कि उत्तराखंड के विकासनगर थाने से इस तरह की सूचना मिली है। उत्तराखंड पुलिस मामले की जांच कर रही है, फिलहाल महिला ब्यान देने की हालत में नहीं बताई जा रही है।