पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा में चोरों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। अब दिनदहाड़े बाजार की मोबाइल दुकान को निशाना बनाया है। दो दर्जन मोबाइल और करीब बीस हजार रुपये की नकदी पर चोरों ने हाथ साफ कर लिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम पांवटा में नौशाद मलिक की मोबाइल की दुकान में चोरी हुई। नोशाद ने शिकायत में कहा है कि वह मंगलवार शाम के समय होल सेल शॉप से कुछ सामान लेने गया। इस बीच कुछ ही देर के भीतर अज्ञात बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। दुकान से 25 मोबाइल और बीस हजार नकदी चोरी हो गई है। आसपास की दुकानों के बाहर के सीसीटीवी कैमरे बंद थे। इसके बाद पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत सौंप दी है। उधर, डीएसपी प्रमोद चौहान ने कहा कि लिखित शिकायत मिली है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।