पांवटा साहिब (सिरमौर)।
पांवटा क्षेत्र के बरोटीवाला गांव में आग लगने से 40 बीघा भूमि पर गेहूं फसल राख हो गई है। आग से गांव के आधा दर्जन किसानों को लाखों की क्षति हुई है। ग्रामीणों व अग्निशमन कर्मियों ने काफी कठिनाई से आग पर काबू पाया। एसडीएम पांवटा ने सूचना मिलते ही पटवारी को क्षति रिपोर्ट के लिए प्रभावित क्षेत्र में भेज दिया है।
बुधवार दोपहर बाद रामपुरघाट के ग्राम बरोटीवाला में गेहूं के खेतों में अचानक आग भड़की। इसकी सूचना फायर स्टेशन पातलियों सूरजपुर को दे दी गई लेकिन आग इतनी तेजी से फैली की कुछ ही पलों में दूर-दूर तक गेहूं की फसल को तबाह कर गई।
स्थानीय किसानों जीत सिंह, प्यारे लाल, दीपचंद शर्मा व जय प्रकाश के खेतों में तैयार खड़ी करीब 40 बीघा गेहूं की फसल जल कर राख हो गई। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि खेतों के साथ लगते बिजली बोर्ड का ट्रांसफार्मर लगा है। इससे अचानक चिंगारी निकलने से आग भड़क गई। जो कुछ ही पलों में आसपास के खेतों में तीव्र गति से फैल गई। कुछ ही पलों में लाखों की गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। वहीं, पांवटा अग्निशमन केंद्र कार्यकारी फायर ऑफिसर जोगेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर भेजी थी। आग पर काबू पा लिया है।