पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा पुलिस थाना क्षेत्र के तहत नाबालिग से दुराचार मामले में आरोपी पुलिस रिमांड पर चल रहा है। इसी मामले की सूत्रधार शातिर महिला को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। महिला से पूछताछ की जा रही है। नाबालिग से दुराचार मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस टीम ने आरोपी सोहन लाल को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी से पूछताछ के बाद नाबालिग को गलत राह पर खींचने वाली शातिर महिला का नाम सामने आया। इसके बाद जांच टीम ने आरोपी महिला को भी दबोच लिया है। यह महिला पांवटा क्षेत्र के एक गांव में पैसे लेकर एक किशोरी का शोषण करवाती थी। महिला के दबोचे जाने पर इस मामले में कुछ और नाम सामने आने की उम्मीदे है। मामला दर्ज होते ही आरोपी शातिर महिला फरार चल रही थी। लेकिन, जांच में जुटी पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे दबोच लिया। इस मामले में जिला चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने खुलासा किया था। सूचना मिलते ही किसी तरह चाइल्ड हेल्पलाइन के कार्यकर्ता इस लड़की के घर पहुंचे। पीड़िता और परिजनों से पूछताछ में शिकायत सही पाई गई। इसमें शातिर महिला और आरोपी का नाम सामने आया, जिसके बाद पांवटा पुलिस हरकत में आ गई। उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने बताया कि आरोपी महिला को रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया है।