अमर उजाला ब्यूरो
सतौन (सिरमौर)।
सतौन और इससे सटे क्षेत्र में हो रहे अवैध कब्जों पर वन विभाग सख्त हो गया है। इलाके में हो रहे कब्जों को हटाने की मुहिम शुरू कर दी गई है। शनिवार को विभाग की टीम ने सतौन पहुंचकर मंदिर के नाम पर हो रहे एक अवैध कब्जे को हटाया। मंदिर निर्माण के लिए बनाई जा रही नींव को वन कर्मचारियों ने उखाड़ फेंका।
गौरतलब है कि सतौन क्षेत्र में अवैध कब्जों की भरमार है। 30 दिसंबर के अंक में अमर उजाला ने मंदिर के नाम पर हो रहे अवैध कब्जे...शीर्षक के साथ मामला प्रमुखता से उठाया था। इस पर संज्ञान लेते हुए वन विभाग ने मौके पर पहुंचकर कब्जे को हटा दिया।
वन विभाग कफोटा रेंज के तहत सतौन में हो रहे अवैध खनन पर विभाग ने शनिवार को करवाई अमल में लाई है। मंदिर में नाम पर हो रहे कब्जे को विभाग ने क्षति ग्रस्त कर दिया है। वन विभाग से कफोटा रेंज के डिप्टी रेंजर तुलसी राम, गार्ड सुनील कुमार, चौकीदार राजेंद्र सिंह, कंठी राम ने मौके पर बनाई गई नीव को हटाया। डिप्टी रेंजर तुलसी राम ने बताया कि उक्त व्यक्ति जो मंदिर बनाने के नाम पर वन विभाग की जमीन पर अवैध कब्जे की फिराक में था। उसे चेतावनी दे दी गई है।
यदि वह पुन: ऐसा करता है तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी। साथ ही मौके से अवैध कब्जे को हटाया गया है। वहां पर पूरी तरह सफाई की गई। तुलसी राम ने बताया को आगे भी अवैध कब्जे को हटाने की मुहिम जारी रहेगी। इलाके में हो रहे अवैध कब्जों की जल्द निशानदेही होगी। जो अवैध कब्जा पाया जाएगा उसे हटा लिया जाएगा।