अमर उजाला ब्यूरो
कालाअंब (सिरमौर)।
औद्योगिक नगरी कालाअंब के जोहड़ों इलाके में स्थित एक दवा उद्योग में बुधवार को अचानक आग लग गई। भीषण आग से दवा कंपनी को लाखों रुपये का नुकसान पहुंचा है। गनीमत यह रही कि इस आग में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। हालांकि, अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। कालाअंब पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन करने में जुट गई है। वहीं, दमकल विभाग के अधिकारियों व कर्मियों ने तकरीबन चार-पांच घंटे बाद आग पर बड़ी मशक्कत से काबू पाया।
जानकारी के अनुसार जोहड़ों इलाके में स्थित एक दवा निर्माता इकाई विधिशा में बुधवार करीब 12 बजे अचानक आग लग गई। आग लगते ही कंपनी के कर्मियों ने अपने स्तर पर आग बुझाने के पूरे प्रयास किए लेकिन तेज हवाओं के रुख ने आग में घी डालने का काम किया। देखते ही देखते पूरी फैक्टरी से निकले धुएं के गुबार से आसमान में भी काली घटा छा गई।
आग लगने की सूचना तुरंत कालाअंब स्थित दमकल विभाग को दी। दमकल विभाग के प्रभारी रामकुमार ने अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी। साथ ही एक फायर टेंडर नाहन से सहायक स्टेशन फायर अधिकारी मेहर सिंह की अगुवाई में भी घटना स्थल पर पहुंचा। आग इतनी भीषण थी कि पड़ोसी राज्य हरियाणा के नारायणगढ़ से भी एक फायर टेंडर बुलाना पड़ा।
दमकल विभाग की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। जिला फायर नियंत्रक कमांडेंट (होमगार्ड) राकेश सिंह व नाहन के फायर स्टेशन अधिकारी एसएल गौत्तम भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने फैक्टरी की यथास्थिति का जायजा लिया। कमांडेंट राकेश सिंह ने बताया कि कंपनी में शैड के अलावा पैकिंग मैटेरियल, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, मशीनरी के साथ-साथ उद्योग में कच्चा व तैयार माल जलकर राख हो गया है।
उन्होंने बताया कि आग पर काबू पाने में लगभग चार से पांच घंटे का समय लगा। इस आग की घटना में फैक्टरी प्रबंधन को लाखों रुपये का नुकसान पहुंचा है। नुकसान का सही आकलन कंपनी के एक्सपर्ट ही करेंगे। उधर, कालाअंब पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।