पांवटा वन रेंज में वन विभाग की कार्रवाई से शराब माफिया में हड़कंप मच गया है। माफिया के खिलाफ छेड़े गए अभियान के दौरान विभाग की टीम ने सर्च ऑपरेशन छेड़ते हुए लगभग एक दर्जन शराब की चलती भट्टियां बरामद की जिन्हें मौके पर ही तहस-नहस किया गया। इसके अलावा लगभग 12 हजार लीटर लाहण भी नष्ट की गई।
पांवटा वन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जंगलों में अवैध रूप से शराब की भट्ठियां चल रही है। यहां से शराब तैयार कर हरियाणा भेजी जा रही है। वन विभाग की टीम ने लगातार दो दिनों तक खारा के जंगल में छापेमारी की। टीम ने वन क्षेत्र के खारा, लाडा, खाला, निबु खाला, काला पत्थर, तुतडी बाडा के जंगलों में तलाशी अभियान चलाकर करीब एक दर्जन भट्ठियां बरामद की।
इस दौरान लाहण से भरे 15 ड्रम भी बरामद हुए जिन्हें मौके पर ही नष्ट किया गया। इस दौरान भट्ठियों को चलाने वाले माफिया पकड़ में नहीं आ सके। विभाग की टीम में बीओ बली राम, वन रक्षक रजनीश, गयार सिंह, अमिता कुमारी, अजय कुमार, सुरजीत, नदीम, यशपाल, विजय, हरीचंद, बलबीर सिंह शामिल थे।
शराब माफिया का बड़ा गिरोह होने के कारण क्षेत्र में छापेमारी करना भी विभाग के लिए खतरे से खाली नहीं है। घने और सुनसान जंगलों में शराब माफिय से सामना करने के लिए विभाग के पास पुख्ता प्रबंध नहीं है। अधिकारियों को न तो लाइसेंसी बंदूक दी गई न ही कोई अन्य हथियार। ऐसे में इस तरह के लोगों पर कैसे कार्रवाई हो सकेगी। विभाग के आरओ कल्याण सिंह ने बताया कि शराब माफिया पर पूरी तरह शिकंजा कसा जा रहा है।