पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा में चोरी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक के बाद एक सामने आ रही वारदातों से लोग सहम उठे हैं। बीते दिन शातिरों ने फिर से एक घर में घुसकर लाखों के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर लिया। बुजुर्ग ने इसकी शिकायत पांवटा पुलिस से की है लेकिन अभी तक बदमाशों का कोई पता नहीं चल पाया है।
पुलिस को सौंपी शिकायत में बद्रीपुर जामनीवाला मार्ग में शिव मंदिर के समीप रहने वाले पुरुषोत्तम लाल ने बताया कि वह 13 अगस्त को घर से बैंक के कार्य के सिलसिले में निकले थे। जब वह वापस लौटे तो पाया कि घर की अलमारी टूटी हुई थी। अलमारी के लॉकर में रखे 42 हजार रुपये, सोने की अंगुठियां और चांदी के छह सिक्के गायब थे। बुजुर्ग ने बताया कि चोर अलग-अलग बैंकों की तीन एफडीआर बुक भी साथ ले गए हैं। बद्रीपुर में मंगलवार को ही चेन स्नेचिंग का मामला भी सामने आया था। दुर्गा कॉलोनी की रहने वाली 80 वर्षीय महिला रेवती के गले से दो बाइक सवार चेन छीन कर ले भागे थे। दिनदहाड़े बढ़ रहे ऐसे मामलों से शहरवासी दहशत में हैं। शहरवासियों का घर को लॉक कर इधर-उधर जाना भी मुश्किल हो गया है। उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने बताया कि पुलिस को शिकायत मिली है। उन्होंने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर शातिरों की तलाश तेज कर दी है। उन्होंने बताया कि आरोपियों को जल्द सलाखों के पीछे धकेला जाएगा। पुलिस अपनी जांच सही दिशा में बढ़ा रही है।