अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)।
पांवटा पुलिस और सुरक्षा शाखा की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय अवैध नशा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। उत्तराखंड से पहुंचे नशीली दवाइयों के दो सौदागरों को पुलिस ने दबोच लिया। इनसे भारी मात्रा में नशीली दवाइयां बरामद हुई हैं। नशीली दवाइयों की खेप पांवटा में ठिकाने लगाने के लिए उत्तराखंड से लाई गई थी। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
संयुक्त टीम में मुख्य आरक्षी प्रताप तोमर, जगमोहन सिंह, मामराज पुंडीर, आरक्षी दीप कुमार, विक्की शर्मा व नवीन कुमार शामिल रहे।
पुख्ता सूचना जुटाने पर संयुक्त टीम पांवटा में अलर्ट हो गई। कई संदिग्ध स्थलों पर चौकस निगाह रखी गई। नशा तस्कर बाइक पर हिमाचल में प्रवेश हुए। टीम ने कन्या रावमापा वाले संपर्क सड़क पर नाका लगा रखा था। इस दौरान बाइक यूके16बी-2340 पर सवार 2 युवकों को तलाशी के लिए रोका गया। पीछे बैठे युवक के पास बड़ा थैला था।
तलाशी में उत्तराखंड के विकासनगर व देहरादून निवासी सचिन शर्मा व नरेश कुमार के बैग से नशीली दवा की खेप बरामद हुई जिसमें दो अलग श्रेणियों के नशीले 4800 कैप्सूल, अलग-अलग किस्मों की 1020 गोलियां और 30 नशे की शीशियां बरामद कर ली गई हैं। दवाइयों से संबंधित किसी तरह के दस्तावेज वे नहीं दिखा पाए। लिहाजा, दोनों को गिरफ्तार किया गया। उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने पुष्टि की है। डीएसपी ने कहा कि अवैध नशीली दवा समेत दोनों आरोपी पांवटा आए थे। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।