संगड़ाह (सिरमौर)। जनपद सिरमौर के उपमंडल संगड़ाह में शनिवार रात्रि को करीब 2 बजे दो शातिरों ने यूको बैंक को निशाना बनाया। शातिर मुख्य दरवाजे से न जाकर पीछे खिड़की से बैंक के भीतर घुसे लेकिन उनके मंसूबों पर उस समय पानी फिर गया जब बैंक की धरातल मंजिल में रह रहे एक स्वर्णकार परिवार को इसकी भनक लग गई।
यह घटना पुलिस थाना संगड़ाह के अंतर्गत बस स्टैंड के मुख्य बाजार में स्थित यूको बैंक की है।
यदि समय रहते स्वर्णकार राहुल रात्रा की नींद नहीं खुलती तो यह शातिर युवक बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते थे। बहरहाल, इस मामले में दो 15 और 18 साल के दो शातिरों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। रविवार को घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने जायजा लिया।
बैंक के निचले तल में रह रहे स्वर्णकार राहुल ने बताया कि रात्रि करीब एक बजे के आसपास उसे बैंक में कुछ तोड़फोड़ की आवाजें सुनाई दी, जिस पर वह बैंक की तरफ आया। बैंक के सामने वाले दरवाजे में ताला देखकर वापस चला गया। कुछ देर बाद फिर आवाजें सुनाई दीं लेकिन उसके आने की भनक लगते ही यह दोनों वहां से भाग निकले।
उन्होंने बताया कि मकान मालिक प्रताप और जोगिंद्र की मदद से उनका पीछा करते हुए इन दोनों को दबोचा लिया। इस मामले की पुलिस को सूचना दी गई और दोनों को पुलिस के हवाले किया गया। राहुल कुमार ने बताया कि उनके साथ कोई तीसरा व्यक्ति भी था जिस पर लोगों द्वारा क्यास लगाए जा रहे हैं कि इन दोनों नाबालिगों के पीछे कोई अन्य मास्टर माइंड व्यक्ति बैठा है जो इतनी बड़ी वारदात को अंजाम तक पहुंचाने का प्रयास कर रहा है।
उधर, यूको बैंक शाखा प्रबंधक विकास कुमार और महेश जैन सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने बैंक में हुई तोड़फोड़ का जायजा लिया। शाखा प्रबंधक विकास कुमार ने बताया कि बैंक में चोरी का प्रयास किया गया। चोर बैंक के पिछवाड़े में लगी खिड़की की ग्रिल वह जाली काटकर बैंक के अंदर घुस गए थे लेकिन कोई भी सामान और धन राशि गुम नहीं हुई है। बैंक में चोरी करने पहुंचे दोनों युवक स्थानीय दुकानदारों के बेटे हैं। इसमें एक की दुकान बैंक के बगल में है। बता दें कि यह घटना पुलिस चेक पोस्ट से मात्र 50 कदम की दूरी पर है, जो पुलिस की लापरवाही की ओर भी इशारा कर रहा है।
उधर, पुलिस उप अधीक्षक शक्ति सिंह ने बताया कि इन दोनों शातिरों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
................