नाहन (सिरमौर)। जिला मुख्यालय नाहन और पांवटा की हवा की गुणवत्ता शनिवार रात को बेहद खराब श्रेणी की तरफ बढ़ गई जिससे बड़ों और बच्चों को सांस की परेशानी हुई। जिला प्रशासन ने दिवाली पर रात आठ से दस बजे तक पटाखे फोड़ने की समय सीमा निर्धारित की थी लेकिन नाहन में इसका सरेआम उल्लंघन किया गया। यहां रात आठ बजे से पहले ही पटाखे जलाने शुरू हो गए थे जो देर रात तक जारी रहे।
कोरोना काल में लोगों को दिवाली पर आतिशबाजी कम करने के बारे में प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन लगातार जागरूक कर रहे थे लेकिन लोगों पर इसका कोई असर दिखाई नहीं दिया। लोगों ने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन के आदेशों की धज्जियां उड़ाकर रात आठ बजे से पहले और रात दस बजे के बाद जमकर पटाखे फोड़े।
पुलिस की ओर से प्रशासन के निर्देशों को परवान चढ़ाने की कोई तैयारी नहीं देखी गई जिसके चलते जिला मुख्यालय नाहन समेत जिले के कई इलाकों में आदेशों की खूब धज्जियां उड़ीं। लोगों ने रात आठ बजे से पहले और दस बजे के बाद तक आतिशबाजी की।