पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब शहरी क्षेत्र में शातिर ने एक बोलेरों कैंपर वाहन के भीतर से 50 हजार नकदी उड़ा ली। इसके बाद बेहद चतुराई से मौके से फरार हो गया। शीतल पेय (कोल्ड ड्रिंक्स) लादने के बाद वाहन चालक ने नकदी से भरा लिफाफा वाहन से गायब पाया। इसके बाद एजेंसी परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए जिसमें शातिर की हाथ सफाई पूरी तरह से कैद हो गई। मामला पांवटा थाना पुलिस पहुंचने पर तफ्तीश शुरू हो गई है।
गिरिपार के ग्राम दुगाना निवासी बोलेरो चालक दिनेश शर्मा का कहना है कि मंगलवार को तिलौरधार से वाहन लेकर पांवटा साहिब शीतल पेय एजेंसी पहुंचा था। देर शाम को शीतलपेय वाहन में लदवाई गई। यह शीतल पेय तिलौरधार में नरेश तोमर करियाना स्टोर के लिए ले जानी थी। शीतल पेय की क्रेटों को लदवाने के बाद वाहन में रखी 50 हजार नकदी लेने आया। गाड़ी से नकदी गायब मिली।
इसके बाद मौके पर कुछ देर हड़कंप मच गया। एजेंसी के संचालक से सीसीटीवी फुटेज देखने का आग्रह किया जिसमें एक शातिर शीतलपेय एजेंसी परिसर के भीतर टहल कर आते हुए दिखाई दे रहा है। कुछ देर खड़ा रहकर, बोलेरों कैंपर के हल्के खुले रहे शीशे को नीचे करता है। उसके बाद आधा भीतर घुस कर नकदी से भरा छोटा सा लिफाफा लेकर परिसर से बाहर निकल जाता है। इसके बाद बाइपास के समीप भी सीसीटीवी खंगाले तो आरोपी एक टैंपों से विश्वकर्मा चौक पर उतरते हुए देखा गया। अपने स्तर पर प्रयास के बाद पांवटा थाना पुलिस टीम को सूचित कर दिया गया। इसकी लिखित शिकायत बुधवार को थाने में कर दी गई है। इसके बाद पुलिस थाने की टीम मामले की तफ्तीश में जुट गई है। सीसीटीवी फुटेज में नकदी उड़ाने वाला शातिर साफ नजर आ रहा है जिससे पुलिस जांच टीम को काफी सुविधा मिल सकती है।
उधर, डीएसपी पांवटा साहिब बीर बहादुर सिंह ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है। जल्द ही आरोपी को दबोचा जाएगा।