पांवटा साहिब (सिरमौर)। ग्राम सालवाला में विवाहिता (36) द्वारा खुद पर तेल छिड़क कर आत्महत्या करने के मामले में आरोपी पति और सास के खिलाफ मामला दर्ज हो गया है। मायके पक्ष के लोग मंगलवार को डीएसपी पांवटा साहिब से उनके कार्यालय में मिले। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कुछ वर्षों से विवाहिता को प्रताड़ित किया जा रहा था जिसकी वजह से महिला ने आत्महत्या की। देर शाम को पुरुवाला थाना में सास और पति पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कमरऊ निवासी महिला के भाई कल्याण सिंह, प्रताप सिंह, तोता राम समेत परिजनों का कहना है कि बहन मेहंदी देवी (36) को उसका पति और सास मिलकर प्रताड़ित करते थे। कुछ वर्ष पहले भी सिंघपुरा पुलिस थाना में डोबरी सालवाला के तत्कालीन प्रधान ने समझौता करवाया था। समझौते के कुछ समय बाद फिर से मेहंदी के साथ मारपीट शुरू की गई। इसके चलते कई बार अपने मायके कमरऊ आई। बच्चे छोटे होने के चलते दोनों के बीच सुलह करवा दिया जाता था। रविवार शाम को सालवाला निवासी मेहंदी देवी (36) पत्नी संदीप नेे अपने रिहायशी घर सालवाला में कथित खुद पर तेल छिड़क कर आग लगा ली।
मायके पक्ष का आरोप है कि आरोपी सास और पति ने बचाने तक का कोई प्रयास नहीं किया। गांव के व्यक्ति ने कमरे में जाकर कंबल से बचाने के प्रयास किए लेकिन तब तक बुरी तरह से आग में झुलस गई थी। वह अस्पताल लाने के दौरान हालत गंभीर होने पर भी कह रही थी कि मेरे छोटे बच्चों को अनाथ कर अब तो सास खुश रहेगी। वह 85 फीसदी झुलस गई थी जिससे उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। मायका पक्ष ने आरोपी पति और सास ने प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए उकसाने के बारे में बात डीएसपी पांवटा बीर बहादुर सिंह के समक्ष रखी। उसके बाद पुरुवाला थाना जाकर मामला दर्ज करवा दिया है।
उधर, डीएसपी पांवटा साहिब बीर बहादुर सिंह ने पुष्टि की है। डीएसपी ने बताया कि मायके पक्ष की तरफ से शिकायत दर्ज हो गई है जिसमें मृतक महिला के आरोपी पति और सास के खिलाफ आईपीसी की धारा-306 और 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुरुवाला थाना पुलिस टीम मामले की गहनता से जांच में जुटी है।