राजगढ़ (सिरमौर)। नौहराधार पुलिस ने लानाचेता में एक दुकानदार से 20 लीटर कच्ची शराब बरामद करने में सफलता हासिल की। चौकी प्रभारी चेतन चौहान के नेतृत्व में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर लानाचेता में परचून की दुकान करने वाले सुनील उर्फ बिट्टू की दुकान में शुक्रवार को छापा मारा। इस दौरान पुलिस ने वहां से एक केनी में रखी 20 लीटर कच्ची शराब बरामद की। पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन प्रारंभ कर दी है।