पांवटा साहिब (सिरमौर)। सिरमौर पुलिस ने उत्तराखंड से हिमाचल लाई जा रही चरस की खेप बरामद करने में सफलता हासिल की है। किल्लोड़ से भंगाणी की तरफ आ रहे वाहन की चेकिंग के दौरान चालक सीट के नीचे छुपाकर रखी 1.016 किलोग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार पुरुवाला थाना के प्रभारी प्रताप सिंह की अगुवाई में एक टीम गश्त पर थी। सिंघपुरा, भगानी, गोजर आदि इलाकों में गश्त के दौरान मुखबिरों से सूचना मिली कि किल्लौड़ से भंगाणी की ओर आ रहे रहे स्कॉरपियो वाहन यूके 16ए-1953 में चरस की खेप आ रही है।
इसके बाद टीम ने तलाशी अभियान शुरू किया। रात करीब साढ़े नौ बजे गोजर के समीप उक्त नंबर के वाहन को तलाशी के लिए रोका गया।
वाहन में आलम चंद पुत्र स्वर्गीय श्री नंदू राम गांव धोईरा खादर डाकघर खादर तहसील कालसी जिला देहरादून तथा गंभीर सिंह पुत्र ग्यार सिंह गांव व्यास भूड डाकघर और तहसील कालसी जिला देहरादून सवार थे। तलाशी के दौरान चालक की सीट के नीचे एक केरी बैग बरामद हुआ जिसके भीतर बत्तीनुमा आकार में चरस बरामद हुई। तोलने पर चरस का वजन 1.016 किलोग्राम पाया गया।
एसपी केसी शर्मा ने बताया कि नशे का कारोबार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इस मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी चरस कहां से लेकर आए थे और कहां लेकर जानी थी ? पूछताछ के बाद ही इसका खुलासा हो पाएगा। आरोपियों को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है।