चोरी किए गए पाइप की बरामदगी के दौरान कार्रवाई करती नौहराधार पुलिस।
- फोटो : NAHAN
नौहराधार/ संगड़ाह (सिरमौर)। नौहराधार के बलयाणधार स्थित जलशक्ति विभाग के स्टोर से चोरी हुई 5.30 लाख रुपये की सिंचाई पाइपों को पुलिस ने बरामद कर लिया है। पाइपों को ट्रक में लोड करके ले जाया गया था। चोरी के लिए इस्तेमाल किया गया ट्रक भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। चोरी के इस मामले में कुरुक्षेत्र के पीपली निवासी राकेश सहगल पुत्र रमेश चंद की गिरफ्तारी हुई है। इस मामले में और लोगों के संलिप्त होने की संभावनाओं से भी इंकार नहीं किया जा सकता।
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह 100 और 150 एमए डाया वाली करीब 106 पाइपें जलशक्ति विभाग के स्टोर से गायब हुई थीं। लगभग 5.30 लाख रुपये के पाइप चोरी होने की 13 मार्च को एफआईआर दर्ज की गई थी। एएसआई नौहराधार चेतन चौहान की टीम उसी दिन से तहकीकात में जुट गई थी। इसके लिए जगह-जगह सीसीटीवी की फुटेज को खंगाला गया। एक ट्रक की शिनाख्त होने के बाद पुलिस टीम हरियाणा के लिए रवाना हुई। कुरुक्षेत्र में रेलवे लाइन के समीप ही खड़े ट्रक को पाइपों से भरा हुआ पाया गया।
उधर डीएसपी संगड़ाह शक्ति सिंह ने बताया कि चोर पुलिस के गिरफ्त में आ गए हैं। मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। इन्होंने जलशक्ति विभाग की ओर से पाइपों के चोर पकड़े जाने की पुष्टि की है। गौरतलब है कि बलयाणधार स्टोर से सिंचाई योजना में प्रयोग करने के लिए लाई गईं 106 पाइपें चोरी हो गईं थीं। नौहराधार में जलशक्ति मंडल 2005 में खुला था लेकिन तब से अब तक विभाग का अपना स्टोर न होने के कारण उन्हें अपना सामान खुले में रखना पड़ रहा है। सामान खुले में होने के कारण इनके चोरी होने की संभावनाएं अधिक रहती हैं। इस मामले में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है।
पाइपों को हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के पीपली निवासी राकेश सहगल पुत्र रमेश चंद के कब्जे से बरामद किया गया है। पुलिस उप अधीक्षक शक्ति सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। आरोपी से पूछताछ जारी है। इस मामले में कुछ और लोग भी संलिप्त हो सकते हैं। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा। उधर, जल शक्ति मंडल के अधिशासी अभियंता एआर रहमान ने बताया कि स्टोर के लिए जमीन खरीदी जा चुकी है वहां पर शीघ्र ही स्टोर का निर्माण किया जाएगा ताकि सारा सामान स्टोर के अंदर सुरक्षित रखा जाए।