नेहरपाब पंचायत के गांव टिक्करी जजांह गाय को रेस्क्यू करती टीम। स्रोत : ग्रामीण
होमगार्ड टीम और स्थानीय लोगों की मुस्तैदी रंग लाई
संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़ (सिरमौर)। राजगढ़ उपमंडल की नेहरपाब पंचायत के गांव टिक्करी जजांह में करीब 300 मीटर गहरी खाई में गिरी गाय को सुरक्षित बाहर निकाला गया। जानकारी के अनुसार गाय पिछले चार दिनों से खाई में फंसी हुई थी। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर उसे बाहर निकालने के काफी प्रयास किए, लेकिन खाई की गहराई और दुर्गम स्थल के चलते उन्हें सफलता नहीं मिल पाई।
इसके बाद उन्होंने 1100 नंबर पर सूचना दी। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सिरमौर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 4/8 स्वतंत्र प्लाटून राजगढ़ की टीम को मौके पर भेजा। रेस्क्यू अभियान का नेतृत्व प्लाटून कमांडर वेद प्रकाश ने किया। उनके साथ प्लाटून हवलदार संदेश कुमार, गृह रक्षक पवन कुमार और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। कड़ी मशक्कत, प्रशिक्षण और बेहतर समन्वय के चलते टीम ने सफलतापूर्वक गाय को खाई से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। संवाद