पड़ोसी की हत्या के मामले में दोषी को उम्रकैद की सजा
न्यायाधीश कपिल शर्मा की अदालत ने सुनाया फैसला
पैसों के विवाद को लेकर मारपीट में भजन सिंह की हो गई थी मौत
अदालत ने एफएसएल रिपोर्ट में घटनास्थल और आरोपी के कपड़ों से मिले रक्त से ठहराया दोषी
24 मार्च 2024 को पांवटा साहिब थाना में दर्ज हुआ था हत्या का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पड़ोसी की हत्या के मामले में दोषी पाए जाने पर अदालत ने आरोपी को उम्रकैद कैद की सजा सुनाई है। अतिरिक्त जिला सत्र न्यायाधीश कपिल शर्मा की अदालत ने आरोपी वीरेंद्र उर्फ गल्लू, तहसील पांवटा साहिब निवासी को यह सजा सुनाई। साथ ही अदालत ने उस पर 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। भजन सिंह पेशे से ड्राइवर थे।
यह मामला 24 मार्च 2024 को पावंटा साहिब थाना में पंजीकृत है। अभियोजन पक्ष के मुताबिक 21 मार्च को आरोपी की भजन लाल के साथ मारपीट हुई थी। इस घटना में भजन सिंह के सिर और मुंह में चोटें आई और बाद में मृत्यु हो गई। इसके बाद दुग्गल सिंह की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मौके से साक्ष्य एकत्रित किए थे।
एफएसएल रिपोर्ट में घटनास्थल और आरोपी के कपड़ों का मिला रक्त भजन लाल का ही पाया गया। इसके बाद अदालत में चालान पेश किया। अभियोजन पक्ष ने पुलिस सहित 19 स्वतंत्र गवाहों के बयान भी दर्ज करवाए। मंगलवार को दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आरोपी को दोषी करार दिया और आजीवन कारावास की सजा सुनाई। उप जिला न्यायवादी जतिंद्र शर्मा ने बताया कि मामले की तफ्तीश सब इंस्पेक्टर अजय ने की थी।
बाक्स.........
यह है पूरा मामला
यह घटना ग्राम पंचायत भट्टानवाली में पेश आई। पुलिस को दुग्गल सिंह ने बताया कि उनके पड़ोसी भजन लाल कई दिनों से कमरे के अंदर हैं। इसके बाद उनके पिता को बुलाकर कमरा खोला गया। जहां भजन लाल संदिग्ध हालत में मृत पाए गए। भजन लाल के चेहरे पर चोट के निशान थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु सिर में चोट के कारण हुई थी। इसी दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि आरोपी वीरेंद्र और भजन सिंह ने साथ बैठकर शराब पी। इस दौरान पैसों के लेनदेन को लेकर कहासुनी हुई और यह घटना पेश आई।
संवाद