दोषी की अपील खारिज, अब
भुगतनी होगी 3 माह की सजा
- साल 2018 का मामला, दोषी ने राज्य सहकारी बैंक से भूमि विकास के लिए लिया था 3 लाख का ऋण
- सत्र न्यायालय ने 4 अक्तूबर 2024 के ट्रायल कोर्ट के फैसले को ठहराया सही
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश कपिल शर्मा की अदालत ने चेक बाउंस मामले में दोषी ठहराए गए सुंदर सिंह की अपील खारिज कर दी है। अदालत ने निचली अदालत की सुनाई गई सजा और दोषसिद्धि को बरकरार रखा। 4 अक्तूबर 2024 को अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने तहसील कमरऊ निवासी सुंदर सिंह को तीन महीने की सजा के साथ 1.70 लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया था। जुर्माने का भुगतान न करने पर एक महीने के अतिरिक्त कारावास के भी आदेश दिए गए थे।
यह मामला एचपी राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक बनाम सुंदर सिंह का है। 2018 को आरोपी ने पांवटा साहिब स्थित बैंक शाखा से भूमि विकास के लिए तीन लाख रुपये का ऋण लिया था। ऋण अदायगी में चूक होने पर आरोपी ने 1,18,000 रुपये का चेक बैंक को दिया, जो खाते में पर्याप्त राशि न होने के कारण बाउंस हो गया। बैंक की ओर से कानूनी नोटिस भेजने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया। इसके बाद मामला अदालत पहुंचा।
ट्रायल कोर्ट ने आरोपी को एनआई एक्ट की धारा 138 के तहत दोषी करार दिया था। अपील में आरोपी ने ऋण चुकाने और चेक को सुरक्षा चेक बताया, लेकिन अदालत ने उसके तर्कों को साक्ष्यों के अभाव में अस्वीकार कर दिया। अदालत ने माना कि आरोपी कानूनी देनदारी से बच नहीं सकता। इसी के साथ अपील खारिज कर दी गई।
संवाद