चेक बाउंस मामले में एक साल की
कैद और जुर्माने की सजा बरकरार
मई 2025 में ट्रायल कोर्ट ने आरोपी को सुनाई थी सजा और 2 लाख का जुर्माना
अब सत्र न्यायालय ने फैसले के खिलाफ अपील की खारिज
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। सत्र न्यायाधीश योगेश जसवाल ने चेक बाउंस के मामले में दोषी के कैद की सजा को बरकरार रखते हुए ट्रायल कोर्ट के फैसले को सही ठहराया है। 27 मई 2025 को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (ट्रायल कोर्ट) ने नाहन निवासी राकेश कुमार को एक वर्ष के कारावास और 2 लाख रुपये मुआवजा देने की सजा सुनाई थी। यह राशि अदा न करने पर दोषी को दो महीने का अतिरिक्त कारावास भुगतने का आदेश दिया था। इसी फैसले के खिलाफ दोषी ने अतिरिक्त सत्र अदालत में अपील दायर की थी।
यह मामला साल 2015 का है। आरोपी ने ज्योति सहकारी समिति, गैर-कृषि बचत एवं ऋण समिति से वित्तीय आवश्यकताओं के लिए 1.50 लाख रुपये का ऋण लिया था। इसी बीच आरोपी नियमित रूप से ऋण चुकाने में विफल रहा। इसके बाद उसने अपनी कानूनी देनदारी का भुगतान करने के लिए 1,63,044 रुपये का चेक जारी किया लेकिन बैंक में प्रस्तुत करने पर चेक बाउंस हो गया।
इसके बाद शिकायतकर्ता ने कानूनी नोटिस भेजा, लेकिन भुगतान न होने पर न्यायालय में मामला दायर किया गया। इस दौरान ट्रायल कोर्ट ने आरोपी को जेल और जुर्माने की सजा सुनाई थी। अब सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर सत्र न्यायालय ने ट्रायल कोर्ट के आदेश को बरकरार रखते हुए दोषी की अपील खारिज कर दी।
संवाद