नाहन/ पांवटा साहिब (सिरमौर)। लगभग नौ महीने कोरोना संकट से जूझने के बाद अब राहत भरी खबर आई है। शनिवार से कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए कोविशील्ड के टीके लगने शुरू हो जाएंगे। जिले में वीरवार मध्य रात्रि को ही कोविशील्ड की 3400 डोज पहुंच चुकी है। पहले चरण में लगभग 5645 फ्रंट लाइन वर्करों को टीके लगेंगे।
शनिवार को पहले दिन 180 फ्रंट लाइन वर्करों को एसएमएस भेजे गए हैं। पहले दिन दो केंद्रों में टीके लगेंगे। मेडिकल कॉलेज नाहन में ऑफथैलेमिक अफसर और पांवटा साहिब में सिक्योरिटी गार्ड को पहला टीका लगाकर टीकाकरण अभियान का आगाज होगा। पांवटा में 80 और नाहन में 100 लोगों को टीके लगाए जाएंगे।
टीकाकरण अभियान की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। टीकाकरण के लिए पांच कर्मचारियों की तैनाती होगी। टीकाकरण के बाद करीब आधा घंटे तक टीका लगाने वाले को चिकित्सकों की निगरानी में रखा जाएगा जिन्हें टीके लगने हैं उन्हें एसएमएस भेजे गए हैं। सिक्योरिटी गार्ड सर्वप्रथम एसएमएस चेक करेगा। उसके बाद टीकाकरण अधिकारी पहचान पत्र, आधार कार्ड आदि की जांच करेगा। इसके बाद टीका लगाया जाएगा। सीएमओ डॉ. केके पराशर ने बताया कि प्रथम चरण में फ्रंटलाइन कोरोना वॉरियर्स को वैक्सीन लगेगी जिसमें स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर, स्वास्थ्य कर्मी, नर्सें, सफाई कर्मी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और आशा वर्कर्स शामिल हैं।
बीएमओ राजपुर डॉ. अजय देओल ने बताया कि पहला चरण करीब 10 दिन चलेगा। एक टीका लगने के बाद दूसरा टीका 28 दिन बाद लगेगा। बीएमओ ने कहा कि 42 दिन तक एहतियात बरतनी होगी। इसके बाद ही एंटीबॉडी बनना शुरू होंगे।
-----------------