पांवटा साहिब (सिरमौर)। सीएमओ सिरमौर डॉ. संजीव सहगल ने सिविल अस्पताल पांवटा का औचक निरीक्षण किया। कोविड की तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए 20 जुलाई तक ऑक्सीजन प्लांट एवं मैनीफोल्ड सिस्टम तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने सिविल अस्पताल प्रभारी पांवटा को शिशुओं के लिए 20 बिस्तर का कोविड वार्ड तैयार करने को भी कहा। सीएमओ की टीम ने स्थानीय डॉक्टरों एवं स्टॉफ के साथ कोरोना की तीसरी लहर की तैयारियों की समीक्षा भी की।
सीएमओ डॉ. संजीव सहगल ने रविवार को सिविल अस्पताल पांवटा में निर्माणाधीन पीएसओ ऑक्सीजन प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान सिविल अस्पताल प्रभारी डॉ. अमिताभ जैन, बाल चिकित्सक डॉ. सुधी गुप्ता, डॉ. कमाल पाशा, योजना के ठेकेदार समेत स्टॉफ कर्मचारी मौजूद रहे। सीएमओ ने कोरोना की तीसरी लहर को लेकर तैयारियों की समीक्षा की। तीसरी संभावित लहर की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रभारी को 20 बिस्तर का कोविड शिशु वार्ड बनाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही ऑक्सीजन प्लांट एवं मैनीफोल्ड सिस्टम के ठेकेदार को 20 जुलाई तक योजना तैयार करने के निर्देश जारी किए। सिविल अस्पताल में पीएसए बेस्ट ऑक्सीजन प्लांट 1000 एलपीएस (याने 1 मिनट में 1000 लीटर)ऑक्सीजन कैपेसिटी का प्लांट बनकर तैयार हो रहा है। संबंधित योजना के ठेकेदार को जल्द से जल्द ऑक्सीजन प्लांट के कार्य को पूर्ण करने के निर्देश भी मौके पर दिए।
सीएमओ डॉ. संजीव सहगल ने कहा कि पांवटा सिविल अस्पताल परिसर में 20 जुलाई तक पीएसए बेस्ट ऑक्सीजन प्लांट तैयार करने के निर्देश जारी किए है। कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए ऑक्सीजन प्लांट लगाए जा रहे हैं। पांवटा अस्पताल में मैनीफोल्ड सिस्टम का भी जायजा लिया गया।