नाहन (सिरमौर)। जनपद सिरमौर में कोरोना संक्रमण को मात देकर स्वस्थ होने वालों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। जिले का रिकवरी रेट 96.8 फीसदी पहुंच गया है, जबकि पॉजिटिव आने वालों की दर 9.6 प्रतिशत है। कोरोना की रफ्तार धीमी पड़ने के बाद मृत्यु दर भी घटकर 1.3 फीसदी ही रह गई है।
जानकारी के अनुसार जिला सिरमौर में अब तक 1,56,365 लोगों की कोरोना जांच की गई जिनमें से 15,145 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। इनमें से 14,671 लोग कोरोना संक्रमण से जंग जीत चुके हैं। अब जिला में केवल 270 सक्रिय मामले रह गए हैं। जिले में अभी तक 204 लोगों की कोरोना की वजह से मृत्यु हुई है।
उपायुक्त डॉ. आरके परूथी ने बताया कि जिला के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में कुल 384 बेड की सुविधा उपलब्ध है। फिलहाल 39 लोग स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं और 231 लोग होम आइसोलेशन में हैं। उन्होंने बताया कि 16 कोरोना मरीज डॉ. वाईएस परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज में, 12 सिविल अस्पताल सराहां, 06 पांवटा साहिब और 05 बड़ूसाहिब में भर्ती है। अब तक 1,41,027 लोग कोविड-19 टीका लगा चुके हैं। इनमें 1,16,895 लोग कोविड टीका की प्रथम डोज लगवा चुके हैं और 24,132 लोगों ने दोनों डोज लगवा दी है।
उन्होंने कहा कि थ्री सी और टू डब्ल्यू के नियमों का पालन करके हम कोरोना महामारी से अपना और अपने परिवार का बचाव कर सकते हैं। कोविड संक्रमण से बचाव के लिए हमें थ्री सी यानि (क्राउडिड प्लेस) भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचना और सामाजिक कार्यक्रम जैसे शादी समारोह में जाने से परहेज करना शामिल है।
दूसरे सी में क्लोज कॉन्टेक्ट अर्थात किसी भी व्यक्ति के सीधे संपर्क से अपने आप को बचाना है। तीसरे सी में कन्फाईंड पलेस अर्थात होम आइसोलेशन में रह रहे लोगों को बिल्कुल बंद कमरे में नहीं रहना चाहिए। वहां शुद्ध हवा की व्यवस्था होनी चाहिए। शुद्ध हवा मिलने से शरीर के सभी अंग अच्छी प्रकार काम करेंगे और हम कोरोना संक्रमण से जल्दी स्वस्थ हो सकते हैं। टू डब्ल्यू में पहला है वियर मास्क। जब भी हम घर से बाहर निकलें मास्क को ठीक से पहनना सुनिश्चित करें। दूसरे डब्ल्यू में वाश योर हैंड यानि अपने हाथों को समय-समय पर साबुन से धोएं या सैनिटाइजर से साफ करते रहें।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वह लापरवाही करने से बचें और अनावश्यक रूप से बाजार और भीड़भाड़ वाली जगहों में न जाएं।