नाहन (सिरमौर)। जिले में कोरोना संक्रमण का कहर लगातार जारी है। कोरोना संक्रमण के 21 नए मामले सामने आए हैं। वहीं कुछ लोग कोरोना को मात देकर स्वस्थ हुए हैं।
आरटीपीसीआर, रेपिड एंटीजन टेस्टकिट और ट्रूनाट से 206 सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। इनमें से 185 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव जबकि 21 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन की आरटीपीसीआर लैब में 108 सैंपल जांच के लिए भेजे गए। इनमें 101 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव और 7 सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसी तरह रेपिड एंटीजन टेस्ट किट से 90 सैंपल की जांच की गई। इसमें 78 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव और 12 की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। ट्रूनाट से 8 सैंपल की जांच की गई। इनमें 6 की रिपोर्ट निगेटिव और 2 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
कोरोना संक्रमितों में ढाबा मोहल्ला नाहन, हरिपुर मोहल्ला नाहन, स्वास्तिक प्लास्टिक नाहन, भंडारीवाला त्रिलोकपुर, कफोटा के दुगाना, ददाहू और मेडिकल कॉलोनी नाहन के लोग शामिल हैं। सीएमओ डॉ. केके पराशर ने बताया कि 21 नए मामले सामने आए हैं। 28 लोगों ने कोरोना का मात दी है। स्वस्थ हुए लोगों को डिस्चार्ज किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि जिले में सक्रिय मामलों की संख्या 213 हो गई है। संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों के भी सैंपल लिए जा रहे हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि कोरोना महामारी से बचाव के लिए वह सरकार और जिला प्रशासन के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी दिशा निर्देशों का पालन करें। सामाजिक दूरी बनाए रखें और फेस मास्क का आवश्यक तौर पर इस्तेमाल करें। कोरोना का लक्षण दिखे तो कोविड टेस्ट जरूर करवाएं। तभी महामारी पर नियंत्रण पाया जा सकता है।