गर्भवती महिलाओं में अनीमिया, उच्च रक्तचाप और मधुमेह का करवाएं सर्वे
स्वास्थ्य विभाग की जिला स्तरीय मासिक बैठक में सीएमओ ने अधिकारियों को दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग जिला सिरमौर की मासिक समीक्षा बैठक मुख्य चिकित्सा अधिकारी सिरमौर डॉ. अजय पाठक की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जिले में चल रहे विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की उपलब्धियों पर विस्तार पूर्वक चर्चा की। उन्होंने सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों के साथ पिछले माह के कार्यों की समीक्षा की, जो पिछले माह की कमियां रही हैं उन्हें विस्तार से देखा गया।
बैठक में सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों के साथ मात्र शिशु स्वास्थ्य, नियमित टीकाकरण, गैर संचारक रोग, तम्बाकू नियंत्रण, क्षय रोग, कुष्ठ रोग इत्यादि मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही सभी कार्यक्रमों के अंतर्गत निर्धारित मापदंडों एवं मानकों को सुधारने को लेकर किए जाने वाले प्रयासों पर मंथन भी किया गया।
डॉ. अजय पाठक के द्वारा लोकसभा चुनाव को लेकर संबंधित दिशा-निर्देश दिए गए। सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों को अपने अपने क्षेत्र के सभी मतदान केंद्र में स्वास्थ्य टीमों को फर्स्ट एड किट के साथ तैनात करने की नीति बनाने के लिए कहा गया। सीएमओ ने खंड चिकित्सा अधिकारियों को कहा कि आशा अपने क्षेत्र की सभी धात्री माता और नवजात शिशु की गृह आधारित भ्रमण को समय पर करना सुनिश्चित करें ताकि कोई भी माता और बच्चा विभाग की ओर से मिलने वाली सुविधाओं से वंचित न रह सके।
सीएमओ की ओर से राष्ट्रीय डेंगू दिवस 16 मई को मनाने के आदेश दिए गए। राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कालाअंब में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों को कहा कि वह अपने कार्यक्षेत्र में गर्भवती महिलाओं में अनीमिया, उच्च रक्तचाप और मधुमेह का सर्वे करवाएं ताकि सही समय पर इन महिलाओं को इलाज उपलब्ध करवाया जा सके और इन गंभीर कारणों से होने वाली मृत्यु को रोका जा सके। बैठक में सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों के साथ, डीपीओ डॉ. वीना सांगल, डीपीओ डॉ. विनोद, डीपीओ डॉ. गगनदीप, डीपीओ डाॅ. बलजीत सहित समस्त खंड चिकित्सा अधिकारी, वरिष्ठ मेडिकल अधिकारियों ने भाग लिया।