सिविल अस्पताल पांवटा परिसर में दोनों पक्षों के बीच जमकर बहस
सोमवार देर रात को दो पक्षों के बीच हुई मारपीट, वाहनों के शीशे तोड़े
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब(सिरमौर)। कुंजा मतरालियों पंचायत के रामपुरघाट में दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि वाहन को साइड देने को लेकर बहस शुरू हुई। कार और बाइक समेत वाहनों में तोड़फोड़ भी की गई। दोनों गुटों में मारपीट के बाद घायल मेडिकल करवाने पांवटा अस्पताल पहुंचे। अस्पताल परिसर में भी दोनोंं पक्षों की बीच फिर हाथापाई और हंगामा हुआ। हालांकि, पुलिस ने दोनों पक्षों को अस्पताल कैंपस से बाहर कर माहौल को शांत किया। पुरुवाला पुलिस थाना में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मारपीट करने की शिकायत दर्ज करवा दी है।
जानकारी अनुसार, सोमवार रात को रामपुरघाट में गाड़ी को साइड देने को लेकर बहस हुई। उसके बाद दो गुटों के लाठी और डंडों से मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान छोटी गाड़ी व बाइक में भी तोड़फोड़ की गई। बंगाला कॉलोनी निवासी राकेश कुमार ने शिकायत में बताया कि ट्रैक्टर खरीदकर भाई नैपिन अपने दोस्त सहजान, विनीत, अरुण, राकेश और काला के साथ घर लौट रहा था। ट्रैक्टर सलींद्र सिंह उर्फ काला चला रहा था। कुंजा मतारलियों के पास खेड़ा मंदिर के पास सलिंद्र के घर जाने के लिए अपनी कार को मोड़ा तभी रामपुरघाट की तरफ से रजत गाड़ी लेकर आया और गाली-गलौच व धमकाने लगा। रजत ने फोन कर अपने परिजनों को बुला लिया। इस दौरान आठ-दस लोगों ने मारपीट शुरू कर दी।
दूसरे पक्ष के कुंजा निवासी रजत ने बताया कि वह गाड़ी में अपने घर जा रहा था। शिव मंदिर के पास एक इनोवा गाड़ी तेज रफ्तार से आई। हाॅर्न बजाने पर भी गाड़ी नहीं हटाई। गाड़ी के अंदर से राकेश, इंतजार, खुशनसीब, जहांगीर ने उतरकर डंडों व मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। साथ ही डंडों से गाड़ी को क्षति पहुंचाई। मारपीट में रजत और इसके परिजनों को मारपीट में चोटें आई हैं। घायलों को सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया। अस्पताल परिसर में भी दोनों पक्षों के बीच खूब बहस जारी रही। एक-दूसरे के साथ मारपीट करने का प्रयास करने लगे। अस्पताल परिसर में तैनात पुलिस कर्मियों ने दोनों पक्षों को फिर से उलझने से बचाया।
डीएसपी पांवटा साहिब अदिति सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तरफ से मारपीट करने का क्रॉस मामला दर्ज हुआ है। पुरुवाला थाना में दोनों पक्षों की तरफ से शिकायत मिलने पर जांच की जा रही है।