पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा-यमुनानगर एनएच पर हरियाणा की सीमा से लगते बहराल व सतीवाला में जंगली हाथी का आतंक बढ़ गया है। नदी का जलस्तर कम होने पर वीरवार रात को उत्तराखंड की तरफ से हाथिन व एक छोटा बच्चा क्षेत्र में आए और खूब आतंक मचाया।
बहराल में एनएच किनारे एक महिला की खोखानुमा दुकान को क्षतिग्रस्त कर दिया। सड़क पर रात को कुछ वाहनों के पीछे भागने का प्रयास किया। बरामदे में सो रहे एक नौकर ने भागकर जान बचाई।
बहराल पंचायत निवासी त्रिलोक सिंह, हरिदास व गौनी सिंह का कहना है कि हाथी किसानों की धान की फसलें बर्बाद कर देते हैं। कौशल्या देवी निवासी सतीवाला की दुकान तोड़ दी। महिला चाय व अन्य सामना बेचकर परिवार का पालन पोषण करती है। बहराल क्षेत्र में हाथियों ने पहले भी कई बार काफी हानि पहुंचाई है। ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। राजाजी पार्क उत्तराखंड से युमना नदी पार कर जंगली हाथी पांवटा में प्रवेश कर जाते हैं। हाथी गांव में आकर धान समेत अन्य फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। ग्रामीण दहशत के साये में जीने को मजबूर हैं। वहीं, ग्राम पंचायत प्रधान बहराल जगजीत कौर ने बताया कि रात को ही ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दे दी थी। ग्रामीणों की मांग है कि वन विभाग हाथियों को भगाने के लिए कोई ठोस कार्रवाई करे। उधर, डीएफओ कुनाल अंग्रिश ने कहा कि सूचना मिली थी। विभाग के स्टाफ को अलर्ट किया है।