संवाद न्यूज एजेंसी
धौलाकुआं/नाहन(सिरमौर)। सिरमौर जिले में केंद्र सरकार द्वारा लाए गए चार नए लेबर कोड (श्रम संहिताओं) के खिलाफ मजदूरों में भारी रोष देखने को मिला। सीटू के बैनर तले मजदूर धौलाकुआं स्थित टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट लिमिटेड के गेट पर एकजुट हुए और 4 लेबर कोड के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। मजदूरों ने इस दिन को ब्लैक डे (काला दिवस) के रूप में मनाया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन की अध्यक्षता सीटू धौलाकुआं के अध्यक्ष लेखराज और महासचिव बंसी लाल ने की, जबकि संचालन में जिला महासचिव आशीष कुमार मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए नेताओं ने आरोप लगाया कि ये चार लेबर कोड मजदूरों को बंधुआ मजदूर बनाने की साजिश हैं।
सीटू जिला महासचिव आशीष कुमार ने कहा, इन कानूनों के लागू होने से 8 घंटे की शिफ्ट की जगह 12 घंटे काम करने का रास्ता साफ हो जाएगा, जो श्रमिकों का सरासर शोषण है। उन्होंने आगे कहा कि इन कानूनों के जरिए मजदूरों के यूनियन बनाने के अधिकार को कमजोर किया जा रहा है और सामाजिक सुरक्षा जैसे पीएफ, ईएसआई पर भी गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
प्रदर्शन में सीटू जिला उपाध्यक्ष लेखराज, यूनियन के महासचिव बंसी लाल, पूर्व महासचिव जालम सिंह, कोषाध्यक्ष सुरेश, अजीत पाल और किसान सभा के पूर्व राज्य उपाध्यक्ष विश्वनाथ शर्मा सहित कई प्रमुख मजदूर नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए। नेताओं ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ये मजदूर विरोधी कानून वापस नहीं लिए गए, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
-संवाद