-बिना हेलमेट 20 युवकों के पुलिस ने किए चालान
संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़ (सिरमौर)। चूड़धार यात्रा पर प्रशासन की ओर से लगाई गई रोक के बावजूद श्रद्धालुओं का आना-जाना थमने का नाम नहीं ले रहा है। खराब मौसम और बर्फबारी के बीच भी लोग जोखिम उठाकर यात्रा कर रहे हैं। इसी कड़ी में नियमों की अनदेखी करते हुए मोटरसाइकिलों पर बिना हेलमेट सफर कर रहे करीब 20 युवकों के खिलाफ राजगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चालान काटे हैं।
जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़ से आए करीब 20 युवकों का एक जत्था चूड़धार यात्रा कर लौट रहा था। वापसी के दौरान भटेयूड़ी के समीप उनकी मोटरसाइकिलों की एक कार से हल्की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद युवक मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राजगढ़ पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही यातायात प्रभारी कुलवंत सिंह ठाकुर मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से युवकों को राजगढ़ क्षेत्र में रोक लिया। जांच के दौरान पाया गया कि सभी युवक बिना हेलमेट के मोटरसाइकिल चला रहे थे। इस पर पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत सभी के चालान काट दिए।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रशासन की ओर से चूड़धार यात्रा पर रोक सुरक्षा कारणों से लगाई गई है। ऐसे में यात्रा करना न केवल खतरनाक है, बल्कि नियमों की अवहेलना भी है। बिना हेलमेट वाहन चलाना दुर्घटना की स्थिति में जानलेवा साबित हो सकता है।
वहीं, पकड़े गए युवकों ने सफाई देते हुए कहा कि उनके हेलमेट चोरी हो गए थे, जिसके कारण वे बिना हेलमेट यात्रा करने को मजबूर हुए। हालांकि पुलिस ने इस दलील को गंभीरता से लेते हुए भी नियम उल्लंघन पर कार्रवाई की।
पुलिस ने आम जनता और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें, खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचें और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें। संवाद