संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। नाहन-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुलिस गश्त के बड़े-बड़े दावों की हवा निकल गई है। बेखौफ चोरों ने कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए डिमकी मंदिर (मारकंडा पुल) के समीप स्थित एक टी स्टॉल में छठी बार चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। आरोपी की यह करतूत दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। भूड़ निवासी पीड़ित दुकानदार मनीष कुमार ने नाहन पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
पथरी के कई ऑपरेशन करवा चुके पीड़ित दुकानदार ने बताया कि उनकी दुकान को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। उनकी दुकान पर बीती रात छठी बार चोरी की गई है। उन्होंने बताया कि शुरुआती दो चोरियों में चोर दुकान का सारा कीमती सामान समेट ले गए, जिससे 50,000 से अधिक का भारी आर्थिक नुकसान हुआ।
इन चोरियों में नुकसान से सबक लेकर दुकानदार ने रात को सामान घर ले जाना शुरू किया। चोरों ने ताले तोड़े, लेकिन हाथ खाली रहा। चंद दिनों पहले चोर फिर रात को दुकान घुसा, पर कीमती सामान न मिलने पर दुकान का बल्ब ही उतारकर रफूचक्कर हो गया। ये करतूत भी सीसीटीवी में कैद हो गई थी।
मनीष ने बताया कि बीती रात चोर ने दुकान में रखा करीब 8,500 का छोटा-मोटा सामान साफ कर दिया। चोर दुकान में आया और अपना मोबाइल भी चार्ज किया। इसके बाद पीछे से टीन फाड़कर दुकान में घुसा और अंदर रखा सामान चुरा कर ले गया।
चोरी की वारदातों से परेशान दुकानदार ने बताया कि वह तीन बार थाने में लिखित शिकायत दे चुके हैं। सीसीटीवी फुटेज भी दिखा चुके हैं लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से हाईवे पर मुस्तैदी बढ़ाने और आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है।-
मारकंडा पुल के समीप मां कालका टी स्टॉल, जहां हो चुकी छह बार चोरी। स्रोत: पीडि़त
मारकंडा पुल के समीप मां कालका टी स्टॉल, जहां हो चुकी छह बार चोरी। स्रोत: पीडि़त