-तहसीलदार ने स्कूल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
-स्मार्ट कक्षाओं और डिजिटल लैब में विद्यार्थियों की सुविधाएं जांचीं, सामान्य ज्ञान भी परखा
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ददाहू में डिजिटल संसाधनों के इस्तेमाल से विद्यार्थियों की पढ़ाई को बेहतर और रुचिकर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। यह बात तहसीलदार ददाहू जयसिंह ठाकुर ने शनिवार को स्कूल के निरीक्षण के दौरान कही। उन्होंने कहा कि विद्यालय सरकार और शिक्षा विभाग के निर्धारित मानकों के अनुरूप काम कर रहा है।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्मार्ट कक्षाओं, डिजिटल व आईसीटी लैब, पुस्तकालय, पेयजल, बिजली, शौचालय, खेल मैदान और विद्यार्थियों की सुरक्षा समेत अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। स्कूल परिसर में लगाए गए जागरूकता चित्रों के माध्यम से उन्होंने विद्यार्थियों का सामान्य ज्ञान भी परखा। तहसीलदार ने स्कूल में उपलब्ध डिजिटल उपकरणों और अन्य संसाधनों का नियमित उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक का व्यावहारिक ज्ञान मिल सके।
उन्होंने स्कूल परिसर में विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए लगाए गए विभिन्न चित्रों और सामग्री को देखा और उनसे संबंधित सवाल पूछकर बच्चों का सामान्य ज्ञान भी परखा। उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। प्रधानाचार्य राज कुमार शर्मा ने निरीक्षण टीम को स्कूल की शैक्षणिक और अन्य गतिविधियों की जानकारी दी।
इस अवसर पर एसएचओ रेणुका प्रियंका चौहान, उपप्रधानाचार्य दीप राम शर्मा, प्रवक्ता जगदीश सैनी, पीटीए अध्यक्ष जग पाल कंवल सहित विद्यालय के शिक्षक और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
ददाहू स्कूल में निरीक्षण करते तहसीलदार जय सिंह ठाकुर। संवाद