पहले लघु उपन्यास से लेखक ने पाठकों के मन में छोड़े कई प्रश्न
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन(सिरमौर)। सिरमौर के शिलाई निवासी युवा लेखक और कवि अनुज कुमार के पहले लघु उपन्यास का नाहन में लोकार्पण समारोह आयोजित हुआ। शायर नासिर यूसुफजई और लेखक आईडी राही ने लघु उपन्यास चार पहिये.., का लोकार्पण करके पुस्तक दूसरे कवियों को भेंट की।
चार पहिये.., कहानी इसके मुख्य पात्र आबिद के जीवन के इर्द-गिर्द घूमती है जो बचपन से जवानी तक संघर्षों की भट्टी में जलता रहा, लेकिन उसने हार नहीं मानी। अंत में सफलता उसके कदम चूम लेती है। हालांकि इस दौड़ में वह अपने शौक और अपनी पहचान को कहीं पीछे छोड़ देता है। लेखक कहानी के अंत में मुख्य पात्र के जरिये कई सवाल पाठकों के समक्ष छोड़ देता है। इनमें क्या सफलता इंसान से अधिक जरूरी है.., यह सवाल उसकी पीड़ा को दर्शाता है।
लेखक अनुज कुमार का यह पहला लघु उपन्यास है। इसका प्रकाशन फॉरएवर प्रकाशन ने किया है। लोकार्पण समारोह में मौजूद दूसरे लेखकों अनंत आलोक, दीप राज विश्वास, जावेद उल्फत, नासिर यूसुफजई, धनवीर परमार, आईडी राही व पंकज तन्हा ने लघु उपन्यास पर चर्चा भी की। उन्होंने युवा लेखक अनुज को उनके पहली पुस्तक के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
संवाद