जिला परिषद वार्ड नंबर-6 सतौन सीट पर सीधी टक्कर में प्रतिद्वंद्वी खतरी राम ठाकुर व रजनीश चौहान
खतरी राम ठाकुर और रजनीश चौहान ने एक-दूसरे का किया स्वागत
जिला परिषद के सतौन सीट से लड़ रहे चुनाव
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। जिला परिषद के वार्ड नंबर-6 सतौन सीट पर कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी खतरी राम ठाकुर और भाजपा समर्थित प्रत्याशी रजनीश चौहान ने अनौखी मिसाल पेश की। वीरवार को कमरऊ पंचायत में मतदान प्रक्रिया के दौरान दोनों प्रत्याशी आपस में गले मिले। उन्होंने भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया।
जहां एक-एक मत के लिए दोनों प्रत्याशी और उनके समर्थक पूरी ताकत झोंक रहे हैं। चुनावी माहौल के बीच भी दोनों प्रत्याशियों के आपसी सौहार्द की एक खूबसूरत तस्वीर सामने आई है।
कमरऊ निवासी खतरी राम ठाकुर को कांग्रेस ने सतौन सीट से मैदान में उतारा है, जबकि सतौन निवासी रजनीश चौहान भाजपा प्रत्याशी हैं। इस सीट में पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र की आंजभोज क्षेत्र की पंचायतें और शिलाई विधानसभा क्षेत्र की पंचायतें शामिल हैं। मुकाबला काफी दिलचस्प और कांटे का माना जा रहा है। अब तक दो चरणों का मतदान हो चुका है, जबकि अंतिम चरण का मतदान 30 मई को होना है।