नौहराधार तहसील के करीब 10 गांवों में चलेगा दूसरा चरण, 1 से 30 सितंबर तक होगी प्रक्रिया
17 अगस्त से लोग खुद भी दर्ज कर सकेंगे जानकारी
उपायुक्त ने जिलावासियों से की अपील
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। जिले के बर्फ प्रभावित क्षेत्रों में जनगणना के दूसरे चरण की प्रक्रिया सितंबर में शुरू होगी। उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने जिले के लोगों से जनगणना के दूसरे चरण में सक्रिय सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि नौहराधार तहसील के करीब 10 गांवों में फेस-2 जनगणना करवाई जाएगी।
उपायुक्त के अनुसार इन क्षेत्रों में चूड़धार, चौरासडाडना, घंडूरी, तेलंगना, चाढ़ना, चुनरीबोध, सैल, नौहरा और बांदल सहित अन्य गांव शामिल हैं। इन क्षेत्रों में जनगणना का प्रथम चरण पहले ही पूरा किया जा चुका है। दूसरे चरण की प्रक्रिया 1 से 30 सितंबर तक चलेगी।
उन्होंने बताया कि बर्फ प्रभावित क्षेत्रों के लोगों की सुविधा के लिए 17 से 31 अगस्त तक पोर्टल के माध्यम से स्वयं भी जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज करवाने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके बाद निर्धारित अवधि में जनगणना कर्मियों की ओर से भी आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
उपायुक्त ने लोगों से निर्धारित समय के भीतर सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जनगणना देश के सामाजिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय विकास की दिशा तय करने वाली महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसके आंकड़ों के आधार पर भविष्य की विकास योजनाएं और नीतियां तैयार करने में मदद मिलती है। उन्होंने लोगों से जनगणना कर्मियों को आवश्यक सहयोग देने और दूसरे चरण की जनगणना को सफल बनाने की अपील की।