-सराहां, कमरऊ और पांवटा साहिब में 22 से 24 जुलाई तक भर्ती प्रक्रिया, 10वीं पास युवा कर सकेंगे आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का सुनहरा अवसर है। जिला रोजगार कार्यालय के माध्यम से एसआईएस इंडिया लिमिटेड, हमीरपुर सिक्योरिटी गार्ड और सिक्योरिटी सुपरवाइजर के 120 पदों पर भर्ती करेगा। इन पदों के लिए केवल पुरुष अभ्यर्थियों का चयन कैंपस इंटरव्यू के माध्यम से किया जाएगा।
जिला रोजगार अधिकारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि भर्ती के लिए 22 जुलाई को उप रोजगार कार्यालय सराहां, 23 जुलाई को उप रोजगार कार्यालय कमरऊ तथा 24 जुलाई को उप रोजगार कार्यालय पांवटा साहिब में सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी की आयु 19 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास निर्धारित की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को 18 हजार से 24 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि पर अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, स्थायी हिमाचली प्रमाण पत्र तथा दो पासपोर्ट आकार के फोटो के साथ संबंधित उप रोजगार कार्यालय में पहुंचकर कैंपस इंटरव्यू में भाग ले सकते हैं।-