आठ दिसंबर को भी चारों ने सिंचाई योजना के सात लाख का सामान किया था चोरी
संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़ (सिरमौर)। राजगढ़ क्षेत्र में सिंचाई विभाग के पंप हाउसों में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही है और पुलिस चोरों को पकड़ पाने में कामयाब नहीं हो पा रही है। विकास खंड राजगढ़ की ग्राम पंचायत डिम्बर की उठाऊ सिंचाई योजना में एक महीने के भीतर दूसरी बार चोरी हुई है, जिसमें न केवल लाखों रुपयों का सामान चोरी हुआ है, बल्कि किसानों की फसलें भी सूखे से चौपट होने का अंदेशा हो गया है।
किसान विकास समिति डिम्बर के सचिव जोनड़ाराम ने बताया कि उठाऊ सिंचाई योजना डिम्बर की स्टेज 2 में वीरवार रात को अज्ञात चोर तांबे की तार और स्टार्टर इत्यादि चुरा ले गए। चोरों ने 70 एमएम की करीब 70 मीटर तांबे की तार और 150 हॉर्सपावर के दो स्टार्टर चोरी कर लिए। इसके चलते सिंचाई योजना ठप हो गई है। उन्होंने इस बारे में सहायक अभियंता जलशक्ति विभाग और पुलिस को लिखित सूचना दी है।
जलशक्ति विभाग के आंकलन के अनुसार करीब साढ़े तीन लाख रुपये का सामान चोरी होने का अनुमान लगाया गया है। इससे पूर्व 8 दिसंबर को भी इस योजना के स्टेज एक में करीब सात लाख की चोरी हुई थी। जिसका पुलिस कोई पता नहीं लगा पाई थी। किसानों ने इसे स्वयं लाखों रुपया लगाकर ठीक कर दिया था, लेकिन अब दोबारा चोरी होने से उनकी समस्या बढ़ गई है।
इस बारे में जलशक्ति विभाग के सहायक अभियंता सिद्धार्थ शर्मा से संपर्क करने पर उन्होंने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि करीब साढ़े तीन लाख रुपये के सामान की चोरी की सूचना उन्होंने पुलिस को दे दी है। इससे पूर्व भी करीब सात लाख रुपयों का सामान चोरी हो चुका है।
संवाद