पुल का कार्य पूरा नहीं होने पर बारिश में खड्ड में पानी आने से लोग परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
सराहां (सिरमौर)। पच्छाद उपमंडल के अंतर्गत तीन पंचायतों को लाभान्वित करने वाली बागथन-गेथल-बझेड-सराहां सड़क पर तीन सालों में भी पुल नहीं बन पाया है। इस सड़क को प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत बनाया जा रहा है। तीन साल पहले इस मार्ग पर शेखरा बघार खड्ड में पुल बनने का कार्य शुरू किया गया था, जो आज तक पूरा नहीं हुआ।
पुल का कार्य पूरा नहीं होने से बारिश के समय खड्ड में पानी आने के कारण लोगों को परेशानी से जूझना पड़ रहा है। पंचायत के उपप्रधान अनूप ठाकुर, सतपाल सिंह, देवेंद्र ठाकुर, तारा दत्त शर्मा, सनी शर्मा, ब्रह्म दत्त और ओम दत्त ने बताया कि बागथन-गैथल-बझेड-सराहां के बीच में शेखरा बघार में खड्ड है, यहां जरा सी बारिश में भी काफी पानी आ जाता है। विशेषकर बरसात के मौसम में हल्की सी बारिश से ही खड्ड उफान पर आ जाती है। इसके कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी होती है।
उन्होंने कहा कि पुल का निर्माण कार्य चले हुए तीन साल हो चुके हैं लेकिन अभी तक पुल का काम पूरा नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते पुल बन जाता है तो क्षेत्र के लोगों समेत दुग्ध उत्पादन, किसानों व स्कूलों में जाने वाले बच्चों को भी इसका लाभ मिलेगा।
लोक निर्माण विभाग के विभाग के अधिशासी अभियंता डीएस कोंडल ने बताया कि पुल निर्माण कर रहे ठेकेदार को शीघ्र कार्य पूरा करने का निर्देश दे दिया गया है। पुल का निर्माण कार्य जल्द पूरा कर दिया जाएगा।
संवाद