(विकास की बात )
कुुंडियों क्षेत्र में क्षतिग्रस्त अभी खड्ड पर दो करोड़ बजट से बनेगा आधुनिक पुल
पिछली बरसात में पुल बह गया था और इस वर्ष अस्थायी रास्ते पाइप की मिट्टी बही
जेसीबी मशीन लगा कर पुराने पुल का ढांचा गिराने का काम शुरू : दलीप तोमर
सुरेश तोमर
पांवटा साहिब (सिरमौर)। कुंडियों पंचायत में दो करोड़ रुपये से आधुनिक पुल का निर्माण होगा। योजना के लिए पुराने पुल के क्षतिग्रस्त ढांचे को हटाने का कार्य शुरू हो गया है। पुल के बनने से आधा दर्जन गांवों के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
बता दें कि पिछले वर्ष बरसात में कुंडियों पंचायत क्षेत्र में दशकों पुराना अभी खड्ड पुल बह गया था। इसके स्थान पर कामचलाऊ पाइप दबा कर आवागमन शुरू किया गया। इस बरसात में बरसाती पानी आने से इसकी मिट्टी बह गई है।
पूर्व प्रधान कुंडियों पंचायत सवर्ण सिंह, शमशेर सिंह, बीएस चौधरी, अनवर अली व सीता राम ने बताया कि दशकों पहले बरसाती अभी खड्ड पर पुराने तरीके से एक पुल बनाया गया था। ये पुल पिछले वर्ष भारी बरसात में बह गया था। इससे बरसात में गुलाबगढ़, कोटड़ी, व्यास, पड़दूनी, खैरी से लेकर गिरिनगर तक के लोगों को काफी दिक्कतें रहीं। लोक निर्माण विभाग ने कामचलाऊ व्यवस्था कर दी थी। इसमें कुछ पाइप लाइनों को दबा कर मिट्टी डाल दी गई। इस बार बरसात शुरू होते ही पाइप पर डाली गई मिट्टी ही बह गई। इसके बाद विभाग ने फिर से अस्थायी व्यवस्था कर दी।
अब लोक निर्माण विभाग ने दो करोड़ रुपये बजट से इस स्थल पर नया पुल तैयार करने की सभी प्रक्रिया पूरी कर ली है। वीरवार से जेसीबी मशीन के माध्यम से पुराने पुल के ढांचे को गिराने का काम प्रगति पर है। ग्रामीणों का कहना है कि नया पुल तैयार होने पर आधा दर्जन गांव के हजारों लोगों को बरसात में होने वाली दिक्कतें दूर हो सकेंगी।
लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिशासी अभियंता पांवटा साहिब दलीप सिंह तोमर ने पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि नया पुल करीब दो करोड़ बजट से तैयार होगा। इसका कार्य भी शुरू हो गया है। शीघ्र अभी खड्ड पर पुराने पुल का ढांचा गिराकर आधुनिक पुल तैयार किया जाएगा।
संवाद