ददाहू (सिरमौर)। ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय राजेश कॉलोनी जगाधरी (हरियाणा) इकाई की ब्रह्माकुमारी बहनों ने रविवार को ऐतिहासिक रेणुकाजी तीर्थ का भ्रमण किया। इस दौरान ब्रह्माकुमारी बहनों ने रेणुकाजी तीर्थ में भगवान परशुराम और माता रेणुकाजी मंदिर में पूजा अर्चना करके उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया। साथ ही परशुराम ताल व रेणुका झील की परिक्रमा करके तीर्थ के गौरवमयी इतिहास की भी जानकारी हासिल की।
ब्रह्माकुमारी बहनों ने रेणू मंच पर भजन-कीर्तन, भक्ति संगीत व मंगल गीत गाकर शिव बाबा की आराधना भी की। इससे माहौल भक्तिमय हो उठा। बीके अंजू दीदी के नेतृत्व में ब्रह्माकुमारी बहनों का एक दल रेणुकाजी में आध्यात्मिक भ्रमण पर पहुंचा। ब्रह्माकुमारी आश्रम ददाहू इकाई की ओर से नीलम अग्रवाल ने रेणुकाजी पहुंचे दल का स्वागत व सत्कार किया। इसके अलावा तीर्थ के इतिहास और महिमा से भी अवगत करवाया। इस मौके पर जगाधरी से अश्वनी भाई व श्याम भाई सहित करीब 55 ब्रह्माकुमारीज बहनें मौजूद रहीं।
विज्ञापन
-संवाद
रेणुकाजी में ब्रह्मकुमारी बहनों को सम्मानित करती ददाहू इकाई की प्रतिनिधि नीलम अग्रवाल। संवाद