ब्रह्माकुमारीज सेवा केंद्र में सम्मान समारोह आयोजित
-बीके संगीता ने श्रेष्ठ कर्म और सकारात्मक सोच का दिया संदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। ब्रह्माकुमारीज नाहन सेवा केंद्र में सम्मान समारोह एवं आध्यात्मिक मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें फरीदकोट, मधुबन माउंट आबू समेत विभिन्न सेवा केंद्रों से पहुंचे ब्रह्माकुमार और ब्रह्माकुमारियों का स्वागत और सम्मान किया गया।
फरीदकोट केंद्र से बीके संगीता विशेष रूप से शामिल हुईं। मधुबन माउंट आबू से बालाराम भाई, बीके कमला दीदी, बीके दिविंद्र कौर दीदी, बीके सीमा दीदी, बीके पूरन भाई और बीके अजीत भाई ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
बीके संगीता ने कहा कि परमात्मा की श्रीमत पर चलना और श्रेष्ठ कर्म करना ही वास्तविक भाग्य का निर्माण करता है। जीवन में मिलने वाले अवसरों को सेवा और आत्मिक उन्नति का माध्यम बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि दूसरों को खुशी देने के लिए पहले स्वयं खुश रहना जरूरी है। मन में शांति और सकारात्मकता होगी तो आसपास के लोगों को भी खुशी दी जा सकती है।
इस दौरान विभिन्न सेवा केंद्रों के सदस्यों ने अपने सेवा कार्यों और आगामी योजनाओं की जानकारी साझा की। सेवा गतिविधियों को प्रभावी बनाने और आध्यात्मिक मूल्यों को अधिक लोगों तक पहुंचाने पर विचार रखे गए। नाहन सेवा केंद्र प्रभारी बीके रमा दीदी ने अतिथियों और सेवाधारियों का स्वागत किया और सहयोग के लिए आभार जताया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी सदस्यों को सम्मानित किया गया।-
ब्रह्माकुमारीज नाहन सेवा केंद्र में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्यातिथि के साथ सम्मानित किए गए