रेणुकाजी तीर्थ में अध्यात्म ज्ञान शिविर मे उपस्थित ब्रह्म कुमारीज बहनें। संवाद
-उत्तराखंड की ब्रह्माकुमारीज बहनों ने किया रेणुकाजी तीर्थ का आध्यात्मिक भ्रमण
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय के देहरादून, उत्तराखंड सेवा केंद्रों से जुड़ी ब्रह्माकुमारीज बहनों और भाइयों ने सोमवार को रेणुकाजी तीर्थ का आध्यात्मिक भ्रमण किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान परशुराम और माता रेणुकाजी मंदिर में पूजा-अर्चना कर तीर्थ के गौरवमयी इतिहास की जानकारी प्राप्त की।
रेणुकाजी के ऐतिहासिक रेणू मंच पर भजन-कीर्तन और भक्तिमय गीत-संगीत के साथ आध्यात्मिक ज्ञान शिविर का आयोजन भी किया गया। ध्यान शिविर की अध्यक्षता करते हुए देहरादून जोन की प्रभारी बीके मंजू दीदी ने कहा कि ओम शांति ऐसा मूल मंत्र है, जिससे वास्तविक ऐश्वर्य और आत्मिक शांति प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि लोग शांति को बाहर खोजते हैं, जबकि शांति हमारे भीतर ही विद्यमान है।
उन्होंने कहा कि व्यसनों में रहकर कभी शांति प्राप्त नहीं हो सकती। आत्मिक शांति पाने के लिए व्यसनों का त्याग करना आवश्यक है। तनावमुक्त जीवन के लिए दूसरों से अपेक्षा और उपेक्षा की भावना छोड़नी चाहिए तथा नियमित रूप से ओम शांति मंत्र का जाप करना चाहिए।
इससे पूर्व जिला प्रभारी बीके रमा दीदी ने पड़ोसी राज्यों से पहुंची सभी ब्रह्माकुमारीज बहनों का स्वागत और अभिनंदन किया। इस अवसर पर हरिद्वार से बीके मीना दीदी, ऋषिकेश से बीके आरती दीदी, रुड़की से बीके गीता दीदी और देहरादून से बीके सुशील भाई सहित नाहन, पांवटा, ददाहू और देहरादून के 25 सेवा केंद्रों से जुड़े ब्रह्माकुमारीज उपस्थित रहीं। संवाद