नाहन (सिरमौर)।बीएसएनएल ब्रॉडबैंड सेवाएं रविवार दोपहर करीब दो घंटे बंद रही। इस दौरान इंटरनेट, मोबाइल व अन्य संचार सेवाएं भी पूरी तरह ठप पड़ गईं। इससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। उधर, निगम के अधिकारियों की मानें तो नौहराधार व राजगढ़ में ओएफसी कटने की वजह से यह समस्या पैदा हुई। रविवार को करीब 11 बजे के बाद दूरसंचार निगम लिमिटेड की ब्रॉडबैंड, टेलीफोन व मोबाइल सेवाएं बिल्कुल बंद हो गई थी। दोपहर बाद इसे बहाल किया गया। उल्लेखनीय है कि इन दिनों जिला में दूरसंचार सेवाएं काफी प्रभावित हो रही हैं।
इसके चलते हजारों उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर निजी व सरकारी कार्यालयों में दिन भर कार्य प्रभावित होते हैं। लोगों को शुल्क देने के बावजूद भी बीएसएनएल उचित सुविधा मुहैया नहीं करवा पा रहा है। मजबूरन उपभोक्ताओं को काम चलाने के लिए निजी कंपनियों के डोंगल आदि से सेवाएं लेनी पड़ रही हैं।
उधर, इस बारे में एसडीओ खजाना राम ने बताया कि नौहराधार-राजगढ़ में ऑप्टिकल फाइबर केबल के कटने से कुछ समय के लिए दूरसंचार सेवाएं बाधित रहीं। उन्होंने कहा कि इसे दुरुस्त कर लिया गया है।
-------