खास खबर....
सिरमौर के 6 अस्पतालों में स्थापित हो रहीं खंड सार्वजनिक स्वास्थ्य इकाई
संगड़ाह और ददाहू अस्पताल में निर्माण कार्य पूरा, शेष का कार्य प्रगति पर
आधुनिक उपकरणों से ग्रामीण स्तर पर रोगियों को मिलेंगी टेस्ट की सुविधा
प्रत्येक इकाई में आधुनिक उपकरण और संरचना पर खर्च होंगे 50 लाख रुपये
योगेन्द्र अग्रवाल
ददाहू (सिरमौर)। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत जिले के छह स्वास्थ्य संस्थानों में खंड सार्वजनिक स्वास्थ्य इकाइयां (बीपीएचयू) स्थापित की जा रही हैं। प्रत्येक इकाई पर 50 लाख रुपये की राशि खर्च की जा रही है। इनमें 20 लाख रुपये के आधुनिक उपकरण और 30 लाख की राशि इसकी संरचना आदि पर खर्च की जा रही है।
सिविल अस्पताल ददाहू और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संगड़ाह में बीपीएचयू स्थापित करने का कार्य लगभग पूरा हो गया है। जबकि शेष 4 पर कार्य प्रगति पर है। इस आधुनिक ब्लॉक के स्थापित होने से अस्पतालों में जहां रोगियों को आधुनिक तकनीक से एक ही छत के नीचे तमाम टेस्ट की सुविधा मिलेगी, वहीं प्रयोगशाला में नमूने आदि एकत्रित करने की सुविधा भी रोगियों को प्रदान की जाएगी।
हेल्थ लाइफ केयर लिमिटेड (एचएलएल) के सौजन्य से इन ब्लॉकों को तैयार करने का कार्य प्रगति पर है। रोगियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए प्रयोगशाला ब्लॉक में आठ अलग-अलग कक्ष व कार्यालय सहित शौचालयों आदि को तैयार किया जा रहा हैं। यह ब्लॉक आधुनिक उपकरणों से भी लैस रहेगा। जिले के संगड़ाह, ददाहू, धगेड़ा, सराहां, माजरा व शिलाई के स्वास्थ्य संस्थानों में यह इकाइयां स्थापित की जा रही हैं।
एचएलएल कंपनी के इंजीनियर सुनील ठाकुर ने बताया कि रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के दोनों स्वास्थ्य संस्थानों संगड़ाह व ददाहू में इन इकाइयों को स्थापित करने का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। शेष चार संस्थानों में कार्य अभी प्रगति पर है।
बाक्स....
जांच सुविधाएं बढ़ेेंगी, घटेगा मरीजों का खर्चा
स्वास्थ्य संस्थानों में इस इकाई के शुरू होने से मरीजों को ब्लड टेस्ट, लिवर फंक्शन टेस्ट (एलएफटी), किडनी फंक्शन टेस्ट (केएफटी), सीबीसी, हीमोग्लोबिन, लिपिड प्रोफाइल, एमपी विडाल जैसी कई जरूरी जांच सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। इससे जहां उनका समय बचेगा, वहीं इलाज में लगने वाला खर्च भी कम होगा।
बाक्स...
जल्द क्रियाशील होंगी यूनिट
एचएलएल कंपनी के माध्यम से जिले के 6 स्वास्थ्य संस्थानों में बीपीएचयू ब्लॉक स्थापित किए जा रहे हैं। इन पर करीब तीन करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। जिन संस्थानों में ब्लॉक स्थापित कर लिए गए हैं उन्हें शीघ्र क्रियाशील कर दिया जाएगा। इन यूनिट के स्थापित होने से रोगियों को ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े शहरों की तर्ज पर आधुनिक तकनीक व उपकरणों से टेस्ट की सुविधा मिलेगी।
.....डॉ. अमिताभ जैन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी जिला सिरमौर।
....संवाद