संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन/सराहां (सिरमौर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बोंगली खेच में बुधवार को स्कूल प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कार्यवाहक प्रधानाचार्य सुषमा रानी ने की। इस दौरान सर्वसम्मति से स्कूल प्रबंधन समिति का गठन किया गया। इसमें लेखराज को अध्यक्ष और पूनम देवी को उपाध्यक्ष चुना गया। जबकि कार्यवाहक प्रधानाचार्य सुषमा रानी को सदस्य सचिव बनाया गया। यह कार्यकारिणी दो वर्ष की रहेगी। स्कूल में विद्यार्थियों की संख्या को देखते हुए समिति में 20 सदस्य भी बनाए गए।
समिति के गठन के बाद विद्यालय के विकास, विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार और विभिन्न गतिविधियों के सफल संचालन पर विस्तृत चर्चा की गई।
प्रधानाचार्य और समिति की सचिव सुषमा रानी ने विद्यालय की उपलब्धियों एवं भविष्य की योजनाओं की जानकारी प्रदान की। उन्होंने अभिभावकों एवं समिति सदस्यों को समिति के कार्यों के बारे में भी अवगत करवाया। इस दौरान पूरा स्कूल स्टाफ मौजूद रहा।