डिग्री कॉलेज ददाहू में आयाेजित शिविर में रक्तदान करते लोग। संवाद
रोटरी क्लब नाहन ने आयोजित किया शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। रोटरी क्लब नाहन की ओर से डिग्री कॉलेज ददाहू में बुधवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें 51 यूनिट रक्त एकत्रित करके जिला ब्लड बैंक अधिकारी को सौंपा गया। रक्तदान को लेकर युवाओं खासकर विद्यार्थियों में भारी उत्साह दिखाई दिया। काॅलेज की 14 छात्राओं ने भी पहली मर्तबा रक्तदान में हिस्सा लिया।
कॉलेज के प्राचार्य डाॅ. पवन कुमार ने रोटरी क्लब के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि काॅलेज में यह पहला रक्तदान शिविर है, जो पूर्ण रूप से सफल रहा है। प्रत्येक रक्तदाता को उन्होंने प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया। रोटरी क्लब नाहन के अध्यक्ष मनीष जैन ने बताया कि रक्तदान के प्रति युवाओं में जागरूकता लाने और खून की हर बूंद के महत्व को समझने के उद्देश्य से ददाहू महाविद्यालय में रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया है।
जिला ब्लड बैंक अधिकारी डॉ. निशि जसवाल ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर खून की एक बूंद से किसी अजनबी व्यक्ति की अनमोल जान को बचाया जा सकता है। जीवन में इससे बड़ा नेक कार्य कोई नहीं है। इस मौके पर रोटरी क्लब की ओर से सुनील शर्मा, अश्वनी शर्मा, प्रो. नीलम अंगिरस, प्रो. दिनेश कुमार, प्रो. रमेश कुमार प्रो. सौम्या गोसाई व प्रो. बबीता मेहता सहित पीटीए अध्यक्ष नंदलाल शर्मा, कन्नू शर्मा, स्वाति पुंडीर व इंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
-संवाद
डिग्री कॉलेज ददाहू में आयाेजित शिविर में रक्तदान करते लोग। संवाद